कौही में अवैध शराब बेचते 66 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, 33 पौवा शराब व नकदी जब्त


पाटन। दुर्ग पुलिस द्वारा अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रानीतराई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बिक्री कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 33 पौवा देशी सवा शेरा मसाला शराब, बिक्री की नकदी और एक प्लास्टिक बोरी जब्त की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कौही-अशोगा रोड स्थित तालाब किनारे पुल के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही थाना रानीतराई की टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां एक व्यक्ति प्लास्टिक की बोरी में शराब रखकर ग्राहकों का इंतजार करता मिला। पूछताछ में उसने अवैध शराब बिक्री करना स्वीकार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलदाऊ सोनी (66 वर्ष), निवासी ग्राम केसरा, थाना रानीतराई के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 33 पौवा देशी सवा शेरा मसाला शराब (कीमत लगभग 3,300 रुपये), 700 रुपये बिक्री रकम तथा एक सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी जब्त की।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से शराब का संग्रहण और बिक्री कर रहा था। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *