दुर्ग। थाना नेवई पुलिस ने घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गई चांदी की दो जोड़ी पायल बरामद की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 25 नवंबर 2025 को स्टेशन मरोदा निवासी सोहद्रा साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर की आलमारी में रखे सोने और चांदी के आभूषण चोरी हो गए हैं। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 62 हजार रुपये बताई गई थी। शिकायत के आधार पर थाना नेवई में अपराध क्रमांक 383/2025 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही पूर्णिमा साहू (40 वर्ष) से पूछताछ की। पूछताछ में मिले तथ्यों और मेमोरेंडम कथन के आधार पर उसके कब्जे से चोरी गई चांदी की दो जोड़ी पायल बरामद की गई।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
आरोपी का विवरण
पूर्णिमा साहू (40 वर्ष)
मूल निवासी : ग्राम रुपास, जिला भरतपुर (राजस्थान)
वर्तमान पता : शंकरनगर, वार्ड क्रमांक 18, शास्त्री चौक, कैम्प-1, सुपेला, भिलाई
बरामद सामग्री
चांदी की 02 जोड़ी पायल
वजन : 33.800 ग्राम एवं 28.680 ग्राम
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अवैध लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से घर में रखे कीमती आभूषणों की चोरी की थी।
इस कार्रवाई में थाना नेवई के निरीक्षक अनिल कुमार, आरक्षक प्यारे लाल साहू एवं आरक्षक रवि बिसाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, चोरी की पायल बरामद
