पाटन। थाना रानीतराई पुलिस ने महिला के साथ छेड़छाड़ के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बरबसपुर निवासी मधु यादव (27 वर्ष) ने थाना रानीतराई में शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 जून 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे वह अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान गांव का निवासी पुनीतराम यादव उसके घर का दरवाजा खोलकर अंदर घुस आया और बेइज्जती करने की नीयत से उसका हाथ-बांह पकड़कर अपनी ओर खींचा तथा उसके सीने को स्पर्श किया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना रानीतराई में अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत धारा 74 एवं 332(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पीड़िता और गवाहों के बयान, मेडिकल परीक्षण तथा अन्य साक्ष्य संकलित किए गए, जिनके आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराध प्रमाणित पाया गया।
इसके बाद पुलिस ने पुनीतराम यादव (35 वर्ष), पिता वैशाखू यादव, निवासी बरबसपुर बाजार चौक, थाना रानीतराई को 9 जून 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। अपराध गैर-जमानती होने के कारण आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक कमल सिंह सेंगर, सहायक उप निरीक्षक दिनेश्वर रात्रे, प्रधान आरक्षक विजय शुक्ला सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने कहा है कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराध, छेड़छाड़ और अत्याचार के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
महिला से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया…मामला रानीतराई थाना क्षेत्र का
