घोरारी में अवैध शराब का कारोबार बेखौफ, महुआ से लेकर विदेशी मदिरा तक आसानी से उपलब्ध


रानीतराई। क्षेत्र में कच्ची शराब निर्माण के लिए चर्चित ग्राम घोरारी में आज भी अवैध शराब का कारोबार खुलेआम जारी होने का आरोप ग्रामीणों द्वारा लगाया जा रहा है। बताया जाता है कि गांव में अवैध महुआ शराब के साथ-साथ देशी एवं विदेशी मदिरा भी आसानी से उपलब्ध हो जाती है।
ग्रामीणों के अनुसार अवैध शराब बनाने वालों को आवश्यक महुआ गांव की कुछ किराना दुकानों से ही मिल जाता है, जिससे यह कारोबार लगातार फल-फूल रहा है। गांव में लंबे समय से अवैध शराब निर्माण और बिक्री की शिकायतें सामने आती रही हैं।
गौरतलब है कि आबकारी विभाग द्वारा पूर्व में कई बार बड़े पैमाने पर छापामार कार्रवाई की जा चुकी है और भारी मात्रा में महुआ लाहन तथा अवैध शराब जब्त की गई है। इसके बावजूद घोरारी में अवैध शराब का धंधा पूरी तरह बंद नहीं हो पाया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस द्वारा भी समय-समय पर कार्रवाई की जाती है, लेकिन यह कार्रवाई केवल खानापूर्ति तक सीमित नजर आती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर स्थायी रोक लगाने के लिए सख्त एवं निरंतर कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में बढ़ रही सामाजिक और कानून व्यवस्था संबंधी समस्याओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *