पाटन। जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र क्रमांक 04 के उपचुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी उर्वशी शैलेश साहू ने 1131 से अधिक मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई हैं। चुनाव परिणाम को एक ओर स्वर्गीय शैलेश साहू की जनसेवा की विरासत से जोड़कर देखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं ने इसे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में क्षेत्र में हुए विकास कार्यों पर जनता की मुहर बताया है।

चुनाव प्रचार के दौरान उर्वशी साहू लगातार कहती रहीं कि वे अपने स्वर्गीय पति शैलेश साहू के अधूरे सपनों और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए चुनाव मैदान में उतरी हैं। उन्होंने मतदाताओं से भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करते हुए क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान का संकल्प दोहराया था।
वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने प्रचार के दौरान पाटन क्षेत्र में भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को प्रमुखता से जनता के बीच रखा। उनका दावा था कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़े अनेक कार्यों का लाभ क्षेत्र की जनता को मिला है, जिसके कारण लोगों का कांग्रेस पर विश्वास बना हुआ है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस चुनाव में उर्वशी साहू को स्वर्गीय शैलेश साहू के प्रति लोगों की आत्मीयता और भूपेश बघेल के विकास मॉडल, दोनों का लाभ मिला। यही कारण रहा कि मतगणना के दौरान शुरू से अंत तक वे निर्णायक बढ़त बनाए रखने में सफल रहीं और बड़े अंतर से जीत दर्ज की।
जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे स्वर्गीय शैलेश साहू की जनसेवा को जनता की श्रद्धांजलि और भूपेश बघेल के विकास कार्यों के प्रति लोगों के विश्वास का प्रतीक बताया। उर्वशी साहू ने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी।
