- कैबिनेट मंत्री सहित भाजपा के दिग्गजों की मेहनत बेअसर, उर्वशी शैलेश साहू ने 1131 मतों से दर्ज की जीत
पाटन। जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र क्रमांक 04 के उपचुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी उर्वशी शैलेश साहू ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी सुरेन्द्र साहू को 1131 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की है। इस चुनाव में जोहार पार्टी की सक्रिय मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही, जिसके चलते भाजपा प्रत्याशी अपने गांव पाहँदा के बूथों में तीसरे स्थान पर खिसक गए।
उपचुनाव को लेकर भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी थी। चुनाव प्रचार में राज्य के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जिला भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, प्रदेश स्तर के नेता तथा पाटन क्षेत्र के सभी मंडलों के पदाधिकारी लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहे और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया। इसके बावजूद मतदाताओं ने कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी उर्वशी शैलेश साहू के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया।
चुनाव परिणाम का सबसे चर्चित पहलू यह रहा कि भाजपा प्रत्याशी सुरेन्द्र साहू अपने ही गांव पाहँदा के दोनों बूथों में तीसरे स्थान पर रहे। इसे भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से बड़ा झटका माना जा रहा है। परिणाम के बाद क्षेत्र में भाजपा की चुनावी रणनीति और स्थानीय संगठन की स्थिति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
उर्वशी शैलेश साहू की जीत को क्षेत्र के दिवंगत जनप्रतिनिधि शैलेश साहू की लोकप्रियता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों से जोड़कर देखा जा रहा है। चुनाव प्रचार के दौरान उर्वशी साहू ने लगातार यह बात दोहराई थी कि वे अपने स्वर्गीय पति शैलेश साहू के अधूरे कार्यों को पूरा करने तथा क्षेत्र के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतरी हैं।
परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया। जगह-जगह मिठाइयां बांटी गईं और जीत का जश्न मनाया गया। कांग्रेस नेताओं ने इसे जनता द्वारा शैलेश साहू के कार्यों, भूपेश बघेल के विकास मॉडल और कांग्रेस के प्रति व्यक्त विश्वास का जनादेश बताया है।
