जेईई एडवांस में अथर्व ठाकुर ने हासिल की ऑल इंडिया रैंक 299, परिवार और समाज में खुशी की लहर

दुर्ग/भिलाई। मैथिल ब्राह्मण समाज के होनहार छात्र अथर्व ठाकुर ने देश की प्रतिष्ठित जेईई एडवांस 2026 परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 299 प्राप्त कर क्षेत्र, परिवार और समाज का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से परिवारजनों, मित्रों तथा समाज के लोगों में हर्ष का माहौल है।अथर्व प्रारंभ से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने डीपीएस भिलाई से कक्षा 10वीं की परीक्षा 98 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी, जबकि मैत्री विद्या निकेतन, भिलाई से कक्षा 12वीं में 93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। अब जेईई एडवांस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने ऑल इंडिया स्तर पर 299वीं रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।अथर्व ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सतत मार्गदर्शन एवं सहयोग को दिया है। उनके पिता संदीप ठाकुर एलआईसी में ब्रांच मैनेजर हैं, जबकि माता डॉ. प्रीति ठाकुर चित्रकूट (मध्य प्रदेश) में मेडिकल ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। उनके दादा विजेंद्र कुमार ठाकुर (बचेली वाले) हैं।अथर्व की इस उपलब्धि पर पूरे परिवार के साथ-साथ मैथिल ब्राह्मण समाज में भी गर्व और उत्साह का वातावरण है।

समाज के अध्यक्ष विजय कुमार झा एवं प्रदीप मिश्रा ने समाज की ओर से अथर्व एवं उनके परिवार को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि अथर्व की सफलता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अथर्व के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।अथर्व की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *