ट्यूबवेल से कॉपर वायर चोरी करने वाला गिरोह पकड़ाया

  • पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा, 225 मीटर कॉपर वायर बरामद
  • खेतों और पंचायत क्षेत्रों को बना रखा था निशाना, संगठित अपराध के तहत कार्रवाई


दुर्ग। थाना पुलगांव पुलिस ने खेतों एवं ग्राम पंचायत क्षेत्रों में ट्यूबवेल से कॉपर वायर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का लगभग 225 मीटर कॉपर वायर एवं अन्य विद्युत सामग्री बरामद की गई है। लगातार चोरी की घटनाओं में संलिप्त पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध की धाराओं के तहत भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम चांगोरी निवासी तुलसीराम देशमुख ने 25 मार्च 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके खेत में लगे ट्यूबवेल से करीब 100 मीटर कॉपर वायर चोरी हो गया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर चंदू लोहार, वासु यादव और शंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार करते हुए रायपुर निवासी सहल उद्दीन को वायर बेचने की जानकारी दी। पुलिस ने सहल उद्दीन के कब्जे से लगभग 100 मीटर कॉपर वायर जब्त किया।
इसी तरह 25 मई 2026 को ग्राम अंजोरा के सरपंच संतोष सारथी ने पंचायत तालाब स्थित ट्यूबवेल से करीब 90 मीटर कॉपर वायर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। जांच में आरोपियों ने चोरी का वायर रायपुर के मौदहापारा निवासी जय नारायण को बेचना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से लगभग 90 मीटर वायर बरामद किया।
वहीं थाना पुलगांव के अपराध क्रमांक 465/2026 में आरोपियों ने 20 मई 2026 को ग्राम पीछेकर क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों से ट्यूबवेल का कॉपर वायर चोरी करना भी कबूल किया। इस मामले में करीब 35 मीटर वायर जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 317 एवं संगठित अपराध की धारा 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
चंदू लोहार, वासु यादव, शंकर, सहलउद्दीन निवासी रायपुर, जय नारायण निवासी मौदहापारा रायपुर।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में चौकी प्रभारी अंजोरा, उप निरीक्षक चंद्रशेखर सोनी, प्रधान आरक्षक सुरेश रात्रे, आरक्षक तोमर, योगेश, थानेश्वर, चंद्रभान यादव एवं झरना देशमुख की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी का माल बरामद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *