- धारदार हथियार के साथ पोस्ट साझा कर बना रहे थे रौब, रानी तराई पुलिस ने भेजा जेल
पाटन। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर धारदार हथियार के साथ आपत्तिजनक पोस्ट साझा कर दबंगई दिखाना दो युवकों को भारी पड़ गया। थाना रानी तराई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम औसर के कुछ युवकों द्वारा इंस्टाग्राम पर हथियार के साथ फोटो एवं आपत्तिजनक पोस्ट साझा कर रौब झाड़ने का प्रयास किया जा रहा था। मामले की जानकारी शिकायत एवं समाचार प्रकाशन के माध्यम से पुलिस तक पहुंची। सूचना को गंभीरता से लेते हुए रानीतराई पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने इंस्टाग्राम में उक्त पोस्ट करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन एवं डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
ये हैं आरोपी
तुलाराम गायकवाड़ (22 वर्ष), निवासी ग्राम औसर, थाना रानीतराई, जिला दुर्ग, गुलशन भारती (20 वर्ष), निवासी ग्राम औसर, थाना रानीतराई, जिला दुर्ग। पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा सोशल मीडिया में दबंगई प्रदर्शित करने एवं भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से पोस्ट साझा की गई थी।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि आपत्तिजनक, भय उत्पन्न करने वाली अथवा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
