पाटन। भीषण गर्मी और नवतपे के पहले दिन 44 डिग्री तापमान के बीच मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण देखने को मिला। परिक्षेत्रीय साहू संघ अरसनारा के सचिव गोपेश साहू ने शासकीय अस्पताल दुर्ग पहुंचकर 47वीं बार रक्तदान किया।
गर्मी के इस कठिन दौर में जहां लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं, वहीं गोपेश साहू ने जरूरतमंद मरीज के लिए रक्तदान कर समाज के सामने सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की। उनके इस सराहनीय कार्य की अस्पताल स्टाफ एवं उपस्थित लोगों ने प्रशंसा की।
गोपेश साहू ने कहा कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान जरूर करना चाहिए, क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है।
उनके इस निरंतर सेवा भाव से युवाओं को भी प्रेरणा मिल रही है तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
नवतपे के पहले दिन 44 डिग्री तापमान में मानवता की मिसाल, गोपेश साहू ने किया 47वीं बार रक्तदान
