दुर्ग पुलिस ने म्यूल अकाउंट गिरोह का किया पर्दाफाश, मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपी गिरफ्तार


वर्ष 2022 से साइबर अपराधियों को बेचे जा रहे थे बैंक खाते, करोड़ों के ट्रांजेक्शन का खुलासा


दुर्ग। थाना सुपेला एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने साइबर एवं आर्थिक अपराधियों को म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11 पासबुक, 7 एटीएम कार्ड, 3 फिनो पेमेंट किट, 3 आधार कार्ड एवं 1 पैन कार्ड बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 24 मई 2026 को सूचना मिली थी कि जगदलपुर निवासी मनोज कुमार भुतड़ा अपने साथियों के साथ म्यूल अकाउंट से संबंधित सामग्री खपाने भिलाई आया हुआ है। सूचना के आधार पर सुपेला थाना एवं एसीसीयू टीम ने पांच रास्ता हनुमान मंदिर सुपेला ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी मनोज कुमार भुतड़ा ने खुलासा किया कि वह वर्ष 2022 से अवैध रूप से बैंक खाते खुलवाकर साइबर एवं आर्थिक अपराधियों को बेचने का कार्य कर रहा था। आरोपी अब तक लगभग 200 से अधिक म्यूल अकाउंट अपने नाम, “रूद्र किराना” एवं सहयोगियों के नाम पर खुलवा चुका है। इंडसइंड बैंक, आईडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक सहित विभिन्न बैंकों में खोले गए खातों में करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन होने की जानकारी सामने आई है।
जांच में पता चला कि आरोपी साधारण बैंक खाते 15 से 20 हजार रुपये तथा करंट अकाउंट 40 से 50 हजार रुपये में बेचता था। खाता खुलवाने के लिए आवश्यक न्यूनतम बैंक बैलेंस की राशि भी वह स्वयं उपलब्ध कराता था और बाद में रकम वापस निकाल लेता था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी काफी शातिर तरीके से काम करता था। बड़े ट्रांजेक्शन वाले खातों को बैंक में होल्ड करवाकर बाद में बैंक से संपर्क कर होल्ड हटवाता और रकम आहरित कर लेता था। गिरोह द्वारा बालोद, गुण्डरदेही, दुर्ग, जगदलपुर सहित अन्य क्षेत्रों में संगठित तरीके से बैंक खाते खुलवाए गए थे।
आरोपी मनोज कुमार भुतड़ा की तलाश गाजियाबाद, सूरत, रायपुर एवं जगदलपुर पुलिस द्वारा भी की जा रही थी। वर्तमान में वह बालोद जिले के गुण्डरदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तर्राभाठा में रह रहा था। उसके सहयोगी जगदलपुर, बालोद एवं गुण्डरदेही क्षेत्र में सक्रिय थे।
पुलिस ने मामले में मनोज कुमार भुतड़ा, केवल सेठिया एवं सत्यनारायण सेठिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी हेतु अलग-अलग टीम रवाना की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
मनोज कुमार भुतड़ा, पिता भंवरलाल, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम बिरेतरा चौकी हल्दी जिला बालोद
केवल सेठिया, पिता तुलाराम सेठिया, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम केसलुर जिला बस्तर
सत्यनारायण सेठिया, पिता श्रीनाथ सेठिया, उम्र 26 वर्ष, निवासी मांझीगुड़ा थाना दरभा जिला बस्तर
जप्त मशरूका
11 पासबुक
7 एटीएम कार्ड
3 फिनो पेमेंट किट
3 आधार कार्ड
1 पैन कार्ड
दर्ज अपराध
थाना सुपेला अपराध क्रमांक 718/2026
धारा 317(2), 318(4) बीएनएस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *