26 माह में 38 लाख का गबन, एरिया सेल्स ऑफिसर गिरफ्तार


दुर्ग। जिला दुर्ग के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र अंतर्गत गोयल ट्रेडर्स में 38 लाख रुपये के गबन के मामले में पुलिस ने आरोपी एरिया सेल्स ऑफिसर राजेश जायसवाल को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी राजेश जायसवाल गोयल ट्रेडर्स, जेवरा सिरसा में एरिया सेल्स ऑफिसर के पद पर कार्यरत था। वह कंपनी के चाय पत्ती, सेवई, वाशिंग पाउडर एवं अन्य पैकेजिंग सामग्री के विक्रय से व्यापारियों से प्राप्त रकम को कंपनी खाते में जमा करने के बजाय अपने पास रख लेता था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने उक्त राशि का उपयोग निजी मकान निर्माण एवं अन्य निजी कार्यों में किया।
पुलिस जांच में वर्ष 2020 से वर्ष 2022 तक लगभग 26 माह की अवधि में करीब 38 लाख रुपये के गबन की पुष्टि हुई। मामले में धारा 409 एवं 420 भारतीय दंड संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस टीम ने उसे बिलासपुर से गिरफ्तार किया।
पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन में आरोपी ने गबन की रकम को मकान निर्माण सहित अन्य निजी कार्यों में खर्च करना स्वीकार किया। पुलिस ने प्रकरण से संबंधित दस्तावेज एवं लेन-देन संबंधी अभिलेख जप्त किए हैं।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
उक्त कार्रवाई में उप निरीक्षक खगेन्द्र पठारे, प्रधान आरक्षक जगजीत सिंह, आरक्षक हीरालाल देशमुख एवं आरक्षक यशवंत पिस्ता की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से आर्थिक लेन-देन की नियमित निगरानी एवं सत्यापन करने की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता की सूचना तत्काल पुलिस को देने कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *