मुख्य चौक, पंचायत भवन और सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी, जल्द त्रिनेत्र एप से होगा कनेक्ट
रानीतराई। ग्राम पंचायत औंसर-डिघारी में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं गांव में निगरानी बढ़ाने के उद्देश्य से प्रमुख स्थानों पर 15 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इस पहल से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है तथा गांव में होने वाली गतिविधियों पर बेहतर निगरानी रखी जा सकेगी।
ग्राम पंचायत द्वारा मुख्य चौक, पंचायत भवन, स्कूल, सार्वजनिक स्थानों एवं आवागमन वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। सरपंच प्रियालता महिपाल ने बताया कि इस व्यवस्था से असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखने, चोरी जैसी घटनाओं की रोकथाम करने तथा गांव में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में गांव के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही जल्द ही इस व्यवस्था को पुलिस विभाग की त्रिनेत्र एप से भी जोड़ा जाएगा, जिससे सुरक्षा निगरानी और अधिक प्रभावी हो सकेगी।
ग्रामीणों ने पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से गांव की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी।
