रायपुर। छत्तीसगढ़ विद्युत संविदा कर्मचारी संघ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 25 मई 2026 को शाम 5:30 बजे हड़ताल करने की चेतावनी दी है।
इस संबंध में संघ ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की सूचना दी है।संघ के महासचिव कमलेश महाराज ने बताया कि संविदा कर्मचारियों की मांगों को लेकर पूर्व में भी कई बार पत्राचार किया गया, लेकिन अब तक संतोषजनक पहल नहीं होने के कारण कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है। संघ ने बताया कि कंपनी प्रबंधन के उदासीन रवैये के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत की जा रही है।
ज्ञापन के अनुसार आंदोलन के प्रथम चरण में 25 मई को विद्युत सेवा भवन डंगनिया, रायपुर में आमसभा, गेट मीटिंग एवं ध्यान आकर्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद भी मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी गई है।
संघ ने कंपनी प्रबंधन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए संविदा कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण करने की अपील की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि ऊर्जा विभाग, जिला प्रशासन, श्रम विभाग एवं पुलिस प्रशासन सहित विभिन्न अधिकारियों को भी भेजी गई है।
