खेतों से चोरी करने वाला गिरोह पकड़ाया लोहा एंगल, सोलर पैनल और बिजली झटका मशीन बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार


दुर्ग। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दुर्ग पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए लोहा एंगल, सोलर पैनल, बिजली झटका मशीन और वारदात में प्रयुक्त मोटर साइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2), 3(5) के तहत कार्रवाई कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार थाना उतई क्षेत्र के ग्राम पुरई निवासी डोमार सिंह साहू और ग्राम धौंराभाठा निवासी अश्वनी साहू ने खेतों में घेरा लगाने के लिए लगाए गए लोहे के एंगल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास मिले साक्ष्यों और संदिग्ध बाइक क्रमांक CG 07 CW 3027 के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने खेतों की रेकी कर चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए एंगल और बाइक जब्त की गई।
इसी तरह चौकी मचांदुर क्षेत्र के ग्राम कातरो निवासी वालेश साहू ने खेत में लगे सोलर पैनल और बिजली झटका मशीन चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी रामकुमार साहू और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से सोलर पैनल और बिजली झटका मशीन बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ग्रामीण इलाकों के सुनसान खेतों की पहले रेकी करते थे और फिर मोटर साइकिल से पहुंचकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी की संपत्ति बेचकर आरोपी दैनिक खर्च और खाने-पीने में रकम खर्च करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में राजू महिलांगे निवासी नेवईभाठा, भूपत निर्मलकर निवासी नेवई बस्ती, रामकुमार साहू निवासी ग्राम चिरपोटी और एक महिला आरोपी शामिल है।
कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक महेश ध्रुव, उप निरीक्षक प्रमोद सिन्हा, सउनि नरेन्द्र सोनी सहित थाना और चौकी मचांदुर स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *