पाटन। पाटन थाना पुलिस ने भूमिहीन हितग्राहियों की सरकारी योजना की राशि में धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मामले में कुल 63 भूमिहीन हितग्राहियों के 12 लाख 60 हजार रुपये की हेराफेरी किए जाने का आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी जितेष कुमार वर्मा निवासी जनपद पंचायत पाटन ने 19 मई 2026 को थाना पाटन में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत भूमिहीन हितग्राहियों को मिलने वाली 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि को आरोपी नर्मदा बाई एवं लिलेष्वर यादव उर्फ रवि ने अपने खातों में ट्रांसफर कर धोखाधड़ी की।मामले में थाना पाटन में अपराध क्रमांक 176/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणिशंकर चन्द्रा तथा एसडीओपी पाटन अनुप लकड़ा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी लिलेष्वर यादव उर्फ रवि (26 वर्ष) निवासी अकोला, उड़िया बस्ती थाना कुम्हारी जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।
