सेवानिवृत्ति के 6 माह बाद भी नहीं मिला 90% पेंशन, विश्वविद्यालयीन पेंशनर्स संघ ने जताई नाराजगी

रायपुर। छत्तीसगढ़ विश्वविद्यालयीन पेंशनर्स कल्याण संघ ने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय प्रशासन पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर 90 प्रतिशत जीवन निर्वाह पेंशन राशि का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है।

संघ के प्रांताध्यक्ष प्रदीप मिश्र एवं महासचिव शिरीष त्रिवेदी ने संयुक्त विज्ञप्ति जारी कर कहा कि विश्वविद्यालय से गत अक्टूबर माह में सेवानिवृत्त हुए एक कर्मचारी को आज छह माह बीत जाने के बाद भी शासन के नियमानुसार मिलने वाली 90 प्रतिशत पेंशन राशि का भुगतान नहीं किया गया है।

संघ पदाधिकारियों ने बताया कि संबंधित कर्मचारी का पेंशन प्रकरण अब तक उच्च शिक्षा विभाग को भी नहीं भेजा गया है, जबकि सेवानिवृत्ति के बाद सातवां माह समाप्ति की ओर है। उन्होंने कहा कि जीवन निर्वाह के लिए शासन द्वारा दी जाने वाली 90 प्रतिशत पेंशन राशि समय पर नहीं मिलने से सेवानिवृत्त कर्मचारी आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि संबंधित कर्मचारी द्वारा कई बार विश्वविद्यालय जाकर जिम्मेदार अधिकारियों से निवेदन किया गया, इसके बावजूद भी पेंशन भुगतान की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई। संघ ने इसे शासन के नियमों एवं मानवीय संवेदनाओं की अवहेलना बताया है।

संघ ने मांग की है कि जो भी कर्मचारी जिस माह में सेवानिवृत्त होता है, उसे अगले माह से ही 90 प्रतिशत जीवन निर्वाह पेंशन राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिन कर्मचारियों की पेंशन राशि लंबित है, उन्हें चार से छह माह के एरियर्स सहित इस माह की पेंशन जोड़कर तत्काल भुगतान किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *