पाटन। ग्राम मुड़पार में किसान द्वारा समस्या का समाधान नहीं होने पर सुशासन शिविर में इच्छामृत्यु की मांग किए जाने के मामले को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। किसान ने शिकायत की थी कि तालाब का पानी उसके खेत में पहुंच रहा है, जिससे लगातार फसल बर्बाद हो रही है और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम पाटन लवकेश ध्रुव ने तत्काल नायब तहसीलदार मनोज रस्तोगी को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश दिए। इसके बाद नायब तहसीलदार सरपंच एवं ग्रामीणों के साथ स्थल पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि तालाब का पानी बहकर किसान के खेत तक पहुंच रहा है, जिससे फसल प्रभावित हो रही है। अधिकारियों ने तालाब के पार को व्यवस्थित एवं मजबूत बनाने के निर्देश दिए, ताकि पानी खेत की ओर न जाए और किसान की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की उम्मीद जताई है। वहीं किसान ने भी समस्या के समाधान की दिशा में पहल होने पर संतोष व्यक्त किया।
