दुर्ग। जिले के थाना पुलगांव अंतर्गत चौकी जेवरा सिरसा क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक बेटे ने अपनी ही मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 मई 2026 को प्रार्थी मनीष पटेल ने चौकी जेवरा सिरसा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बुआ सरस्वती पटेल की किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ठोस वस्तु से हमला कर हत्या कर दी गई है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।जांच के दौरान मृतिका के पुत्र अश्वनी पटेल से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपनी मां की हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसकी मां द्वारा खाना नहीं बनाने की बात को लेकर वह नाराज था। इसी दौरान उसने पास में रखे लकड़ी के डंडे से मां के सिर, माथे, हाथ, छाती और पेट पर लगातार हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।मृतिका का पोस्टमार्टम चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में कराया गया। डॉक्टरों की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट लगने से मृत्यु होना बताया गया है।मामले में पुलिस ने आरोपी अश्वनी पटेल के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जप्त किया गया है।पुलिस के अनुसार घटना का मुख्य कारण घरेलू विवाद और खाना नहीं बनाने को लेकर उपजा गुस्सा बताया जा रहा है। मामले की विवेचना जारी है।
खाना नहीं बनाने से नाराज बेटे ने मां की डंडे से पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
