पाटन। क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों में इन दिनों डीजल और पेट्रोल की कमी के साथ-साथ पीने के पानी और हवा जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव देखने को मिल रहा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच पेट्रोल भरवाने पहुंच रहे वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि कई पेट्रोल पंपों में न तो पीने के पानी की समुचित व्यवस्था है और न ही वाहनों में हवा भरने की सुविधा उपलब्ध है। कई स्थानों पर वाटर कूलर बंद पड़े हैं, जबकि एयर मशीनें खराब होने या बंद रहने से वाहन चालकों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
इसी बीच रविवार दोपहर मोतीपुर-भिलाई 3 मार्ग स्थित ग्राम औरी के महादेव फ्यूल पेट्रोल पंप में पानी पीने रुके कुछ राहगीरों के साथ कर्मचारियों द्वारा कथित रूप से दुर्व्यवहार किए जाने का मामला भी सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राहगीरों ने केवल पीने के पानी के बारे में पूछा था, लेकिन इस दौरान विवाद की स्थिति बन गई और हाथापाई की नौबत तक आ गई।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पेट्रोल पंप केवल ईंधन भराने का केंद्र नहीं, बल्कि यात्रियों के लिए राहत का स्थान भी होता है। ऐसे में पेयजल और हवा जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से पेट्रोल पंपों की सुविधाओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
पेट्रोल-डीजल के साथ अब पानी और हवा की भी किल्लत, राहगीरों से दुर्व्यवहार की शिकायत
