डंगनिया सड़क बदहाल, हादसे के इंतजार में विभाग

कांग्रेस नेता अशोक साहू का आरोप-PWD और PMGSY की लापरवाही से ग्रामीण परेशान, कई मार्गों पर गहरे गड्ढे और दरारें

पाटन।पाटन क्षेत्र की सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि अशोक साहू ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और पीएमजीएसवाय पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों की निष्क्रियता के कारण ग्रामीण और राहगीर जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं।अशोक साहू ने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क का विस्तार किया गया था, जिससे लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिली। लेकिन वर्तमान में सड़कों की मरम्मत और रखरखाव नहीं होने से हालात बेहद खराब हो गए हैं।उन्होंने बताया कि पिछले एक माह से लगातार लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाय के जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को सड़क मरम्मत की मांग से अवगत कराया जा रहा है,लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। क्षेत्र के कई प्रमुख मार्गों – पाटन से रानीतराई, केसरा से तेलीगुंडरा, मुख्य मार्ग से डंगनिया पहुंच मार्ग, बोरिद से पाहन्दा तथा बोरेंदा से असोगा,मटिया से तेलीगुंडरा,मटिया से बोरिद मार्ग में जगह-जगह 6 से 8 इंच तक की दरारें और बड़े गड्ढे बन गए हैं। विशेष रूप से डंगनिया पहुंच मार्ग पर करीब एक किलोमीटर के भीतर पांच स्थानों पर आधा से एक फीट तक गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। जनपद सदस्य दिनेश साहू ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि PWD, कृषि, सहकारिता, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्रेडा,उद्यानिकी और राजस्व विभागों में प्रशासनिक उदासीनता साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन की निष्क्रियता से आम जनता हताश और परेशान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *