बाबा क्रेशर में नए मशीन स्थापना का ग्रामीणों ने किया विरोध, कलेक्टर एवं पर्यावरण विभाग से कार्रवाई की मांग

पाटन। ग्राम पंचायत मुड़पार के ग्रामीणों ने गांव में संचालित बाबा क्रेशर में नए क्रेशर मशीन की स्थापना का विरोध करते हुए कलेक्टर दुर्ग एवं पर्यावरण विभाग को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बाबा क्रेशर संचालक दिलीप मेघवानी द्वारा ग्राम पंचायत से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त किए बिना भारी क्रेशर मशीन स्थापित की जा रही है, जिससे गांव में प्रदूषण, भय और कई गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।ग्रामीणों ने बताया कि पहले से संचालित क्रेशर के कारण गांव में अत्यधिक धूल, पत्थर कण एवं भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मुख्य सड़क किनारे संचालित क्रेशर के चलते स्कूली बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धूल प्रदूषण के कारण सांस, एलर्जी सहित अन्य बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि क्रेशर से निकलने वाली धूल के कारण आसपास की कृषि भूमि प्रभावित हो रही है, जिससे फसलों के उत्पादन में गिरावट आ रही है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके अलावा खदान क्षेत्र में हो रही कथित अवैध ब्लास्टिंग से आसपास के घरों में कंपन महसूस होता है, जिससे दुर्घटना एवं जनहानि की आशंका बनी रहती है।ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार प्रशासन को मौखिक एवं लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे गांववासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने कलेक्टर एवं पर्यावरण विभाग से मांग की है कि अवैध रूप से स्थापित किए जा रहे नए क्रेशर मशीन को तत्काल हटाया जाए तथा गांववासियों को प्रदूषण और भय के माहौल से राहत दिलाई जाए। मौके पर प्रमुख रूप से लोचन यादव, तिवारी बालकिशोर, परमेश्वर मार्कण्डेय, किशन भारती, भोजराम यादव, जगतराम यादव, संतलाल महिलवार, ओमप्रकाश यादव सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *