पाटन। ब्लॉक के ग्राम बेलौदी में फैले कै-दस्त मामले को लेकर बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गांव पहुंचे। बेलौदी उनका गृह ग्राम है। उन्होंने गांव में बनाए गए स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया तथा पीड़ित मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली और मरीजों को दिए जा रहे उपचार एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की। पूर्व मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गांव में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाए रखने तथा प्रभावित लोगों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
भूपेश बघेल गांव की मृतक सरस्वती निषाद के घर भी पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
गौरतलब है कि बेलौदी गांव में सोमवार से कै-दस्त के 50 से अधिक मरीज सामने आए हैं। कई मरीजों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गाड़ाडीह में जारी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर लगातार जांच और उपचार किया जा रहा है।
बेलौदी पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कै-दस्त पीड़ितों से की मुलाकात
