खैरीडीह के पास दर्दनाक सड़क हादसा: तीन दोस्तों की मौके पर मौत, गांव में पसरा मातम


देवरीबंगला। राजनांदगांव अंतागढ़ स्टेट हाईवे पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के खैरीडीह गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। मृतक तीनों युवक आपस में दोस्त थे और पिनकापार क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
एक बाइक पर सवार थे तीनों युवक
जानकारी के मुताबिक मुङखुसरा और सिर्राभाठा गांव निवासी तरुण यादव (20), राहुल सेवता (20) और नरेंद्र भुआर्या (21) एक ही बाइक से देवरी से डौंडीलोहारा की ओर जा रहे थे। रात करीब 9:30 बजे खैरीडीह के पास सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हेलमेट नहीं पहने थे, तेज रफ्तार में थी बाइक
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार बाइक की रफ्तार काफी तेज थी और तीनों युवकों ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। ग्रामीणों ने यह भी आशंका जताई कि युवक शराब के नशे में थे। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हादसे के बाद गांव में मातम
घटना की खबर मिलते ही पिनकापार क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जवान बेटों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव परिजनों को सौंप दिए गए, जिसके बाद गांव के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया।
कार चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है, जबकि कार चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *