पाटन। पाटन विधानसभा क्षेत्र के अम्लेश्वर भाजपा मंडल अंतर्गत मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। यह पहल सरपंच सांकरा एवं युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष रवि सिंगौर द्वारा की गई। वे स्वयं विद्यार्थियों के घर पहुंचे, मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा बैग और कॉपी भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
ग्राम झीट की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया। कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय में मोनिका कौशिक ने 93.06 प्रतिशत एवं भूमिका साहू ने 94.04 प्रतिशत अंक अर्जित किए।
वहीं ग्राम सांकरा के विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट सफलता हासिल की। कक्षा 10वीं में फाल्गुनी तुरकाने और यामिनी पटेल ने 92.1 प्रतिशत तथा टोमीन सिंगौर ने 90.1 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की।
सरपंच रवि सिंगौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान का सकारात्मक प्रभाव अब गांवों में भी दिखाई दे रहा है। बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और समाज के लिए प्रेरणा बन रही हैं। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करने से अन्य बच्चों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर मोहन लोधी सरपंच मोतीपुर, संजय सिंगौर, तुलराम सिंगौर, पंच प्रदीप सिंगौर, मुकेश सिंगौर, छोटू यादव, कामता सिंगौर सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
