रिश्वत लेते वीडियो वायरल, पटवारी सस्पेंड…भूमि बंटवारे के नाम पर 45 हजार लेने का आरोप, कलेक्टर के निर्देश पर हुई कार्रवाई


दुर्ग। भूमि बंटवारे के एवज में कथित रूप से रिश्वत लेने का मामला सामने आने के बाद अहिवारा तहसील में पदस्थ पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर अभिजीत सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम भिलाई-03 को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
जांच में सामने आया कि पक्षकार से भूमि बंटवारे के नाम पर 45 हजार रुपए लिए गए थे। तहसीलदार अहिवारा द्वारा वायरल वीडियो की जांच के दौरान भूमिस्वामी उत्तम टंडन, अमन कुमार टंडन और पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर के बयान दर्ज किए गए।
पटवारी ने अपने बयान में स्वीकार किया कि उसने पक्षकार की माता से राशि ली थी। वायरल वीडियो में वह वेतन मिलने के बाद रकम लौटाने की बात कहते दिखाई दिया। मामले को कर्तव्य में गंभीर लापरवाही और आचरण नियमों के उल्लंघन की श्रेणी में मानते हुए एसडीएम महेश सिंह राजपूत ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1966 के तहत निलंबन आदेश जारी किया।
निलंबन अवधि में पटवारी का मुख्यालय तहसील कार्यालय अहिवारा निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *