पाटन। ग्राम घुघुवा(के) में आयोजित सुशासन तिहार एवं समाधान शिविर में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं मांगों का एक ही स्थान पर निराकरण किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। प्राप्त आवेदनों में से कई समस्याओं का स्थानीय स्तर पर तत्काल निराकरण किया जा रहा है, वहीं अन्य प्रकरणों को विभागीय स्तर पर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को भेजा गया है। शासन की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक को पारदर्शी, सरल एवं त्वरित प्रशासनिक सुविधा उपलब्ध हो सके।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
