दुर्ग। नकली धातु के पायल को असली चांदी बताकर ज्वेलरी दुकान संचालक से असली चांदी का पायल लेकर फरार होने वाले दो अंतर्राज्यीय ठगों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों को रेलवे स्टेशन परिसर स्थित यात्री प्रतीक्षालय से पकड़ा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से धोखाधड़ी से हासिल एक जोड़ी चांदी का पायल और खरीद रसीद जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक मधुबन वाटिका खंडेलवाल कॉलोनी निवासी आशीष जैन ने 7 मई को थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि दो व्यक्ति उनकी गया नगर स्थित ज्वेलरी दुकान पहुंचे और पुराने चांदी के पायल व हाथ का कड़ा दिखाकर उसे असली बताया। दोनों ने पुराने जेवर के बदले नया चांदी का पायल लेने की बात कही और अंतर की राशि 2200 रुपये जमा कर नया पायल लेकर चले गए।
रात में दुकान बंद करने के दौरान जब पुराने पायल की जांच की गई तो वह नकली धातु का निकला। इसके बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, प्रार्थी के बयान और आरोपियों द्वारा दिए गए आधार कार्ड के आधार पर उनकी पहचान की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन परिसर में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने नकली पायल देकर असली चांदी का पायल लेने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक जोड़ी चांदी का पायल और महावीर ज्वेलर्स की खरीद रसीद बरामद की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजेश साहू (39) निवासी ग्राम पारकना थाना मुंगावली जिला अशोकनगर तथा प्रदीप श्रीवास्तव (35) निवासी ग्राम अमनचार थाना मुंगावली जिला अशोकनगर मध्यप्रदेश शामिल हैं।
दुर्ग पुलिस ने व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि पुराने जेवर के बदले नए जेवर लेने या खरीद-बिक्री के दौरान वस्तुओं की विधिवत जांच अवश्य करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
नकली पायल से लगाया चूना, ज्वेलरी दुकान से असली चांदी लेकर भागे अंतर्राज्यीय ठग गिरफ्तार
