महाराष्ट्र के चर्चित TCS धर्म परिवर्तन मामले में फरार चल रही निदा खान को आखिरकार पुलिस ने करीब 25 दिनों बाद गिरफ्तार कर लिया है। नासिक पुलिस की SIT लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी और लगातार कई जगहों पर छापेमारी की जा रही थी। आखिरकार छत्रपति संभाजी नगर के नारेगांव इलाके में एक फ्लैट से उसे हिरासत में लिया गया, जहां वह अपने रिश्तेदारों के साथ छिपी हुई बताई जा रही थी।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, निदा खान पर आरोप है कि उसने कथित तौर पर कंपनी में काम करने वाली कुछ महिला कर्मचारियों को मानसिक रूप से प्रभावित कर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया। पुलिस का दावा है कि आरोपियों द्वारा धार्मिक किताबें, बुर्का और अन्य सामग्री उपलब्ध कराई गई थी। साथ ही मोबाइल फोन में धार्मिक कंटेंट और एप्लीकेशन भी इंस्टॉल कराए गए थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को सोशल मीडिया लिंक, इंस्टाग्राम पोस्ट, यूट्यूब वीडियो और अन्य डिजिटल सबूत भी मिले हैं, जिन्हें जांच में अहम माना जा रहा है। जांच एजेंसियों का कहना है कि कुछ कर्मचारियों पर कथित तौर पर मानसिक दबाव बनाकर धर्म परिवर्तन के लिए तैयार करने की कोशिश की गई थी।
निदा खान की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस उससे पूछताछ कर इस पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश करेगी। इस मामले ने कॉर्पोरेट सेक्टर में धार्मिक प्रभाव, सोशल मीडिया के इस्तेमाल और कर्मचारियों पर कथित दबाव जैसे मुद्दों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
