पाटन। छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन ने आठवें वेतन आयोग की अनुशंसाओं को राज्य कर्मचारियों पर भी लागू करने की मांग की है।
फेडरेशन के प्रांताध्यक्ष राजेश चटर्जी ने कहा कि केंद्र व राज्य कर्मचारियों के लिए महंगाई समान है, इसलिए वेतन व पेंशन लाभ भी एक समान होना चाहिए।फेडरेशन ने वेतन आयोग को ई-मेल के माध्यम से सुझाव भेजते हुए फिटमेंट फैक्टर 2.57 से बढ़ाकर 3.68/3.83 करने, न्यूनतम वेतन ₹18,000 से बढ़ाकर ₹69,000 करने तथा महंगाई भत्ते का 50% मूल वेतन में विलय करने का प्रस्ताव दिया है। साथ ही वार्षिक वेतन वृद्धि 3% से बढ़ाकर 6% करने, अंतरिम राहत देने और एरियर भुगतान का स्पष्ट प्रावधान करने की मांग रखी गई है।
इसके अलावा पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने, न्यूनतम पेंशन बढ़ाने, HRA में वृद्धि, इंटरनेट भत्ता, तीन पदोन्नति सुनिश्चित करने, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने और ग्रेच्युटी सीमा ₹50 लाख करने का भी सुझाव दिया गया है।फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्र की सिफारिशों को राज्य में लागू कर कर्मचारियों को राहत दी जानी चाहिए।
