ओवरलोड ट्रकों से हादसे का खतरा, दुर्ग–पाटन मार्ग पर रोजाना जोखिम भरा सफर

पाटन।  दुर्ग–पाटन मुख्य मार्ग पर ओवरलोड ट्रकों का बेखौफ आवागमन आम बात बन गया है। सड़क पर दौड़ते ये गिट्टी से भरे भारी वाहन न सिर्फ यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, बल्कि राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों की जान को भी जोखिम में डाल रहे हैं।

तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि ट्रक में निर्धारित क्षमता से अधिक गिट्टी भरी हुई है, जो ऊपर तक खुली अवस्था में लदी है। चलते समय झटकों के कारण गिट्टी गिरने का खतरा बना रहता है। ऐसे में पीछे चल रहे वाहन कभी भी दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं।

मुख्य मार्ग पर क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे ट्रकों ने सड़क की हालत खराब कर दी है। लगातार ओवरलोड परिवहन के कारण सड़क खराब हो रहे है।  जिससे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, भारी वाहनों के अत्यधिक दबाव से सड़क जल्दी खराब हो रहे है। वाहन चलाते समय संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है, खासकर दोपहिया चालकों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक हो जाती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में ओवरलोड वाहन गुजरते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। धूल और गिट्टी गिरने से सड़क पर फिसलन भी बढ़ रही है, जिससे हादसों की आशंका और बढ़ जाती है।

नागरिकों ने मांग की है कि परिवहन विभाग और यातायात पुलिस इस पर सख्ती बरतें, ओवरलोडिंग पर तत्काल कार्रवाई करें और वाहनों को ढंककर चलाने के नियम का पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले ही स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *