पाटन।शासकीय उच्च माध्यमिक शाला सांकरा का इस वर्ष कक्षा 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम से विद्यालय और क्षेत्र में खुशी की लहर है। शाला विकास समिति के अध्यक्ष एवं सरपंच रवि सिंगौर ने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कक्षा 10वीं में फाल्गुनी तुरकाने एवं यामिनी पटेल ने 92.1 प्रतिशत अंक अर्जित कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर टोमीन सिंगौर (90.1%) तथा तृतीय स्थान पर रेशमी साहू (89.3%) रहीं।
वहीं कक्षा 12वीं में मुस्कान महिलांगे ने 87.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। द्वितीय स्थान पर तृप्ति (86.4%) तथा तृतीय स्थान पर रेशमा यादव (84.4%) रहीं।
विद्यालय के परीक्षा परिणाम की बात करें तो कक्षा 12वीं में कुल 50 विद्यार्थी दर्ज थे, जिनमें सभी 50 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। इनमें 42 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी तथा 8 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में रहे।
इसी प्रकार कक्षा 10वीं में 50 विद्यार्थियों में से 48 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए और सभी 48 विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे, जबकि 2 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। परिणाम में 35 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी, 12 द्वितीय श्रेणी तथा 1 तृतीय श्रेणी में रहे।
विद्यालय प्रबंधन एवं क्षेत्रवासियों ने इस शानदार उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
शासकीय उच्च माध्यमिक शाला सांकरा का 100% परीक्षा परिणाम,रवि सिंगौर ने दी बधाई
