महिला आरक्षण पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के आरोपों पर भाजपा का पलटवार : भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश बोले – “नारी शक्ति वंदन अधिनियम ऐतिहासिक फैसला, कांग्रेस भ्रम फैला रही”

पाटन/जामगांव (आर)। महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर भाजपा ने कड़ा पलटवार किया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर के बयान को भ्रामक और राजनीतिक बताया है। प्रेस वक्तव्य जारी करते हुए साहू ने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार द्वारा पारित ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023’ देश की महिलाओं के लिए ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर अनावश्यक भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।

कमलेश साहू ने कहा, “कांग्रेस को महिलाओं के सशक्तिकरण पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस महिला आरक्षण को लागू नहीं कर पाई, जबकि भाजपा ने इसे साकार किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला आरक्षण को जनगणना और परिसीमन प्रक्रिया से जोड़ना संवैधानिक और व्यावहारिक आवश्यकता है, ताकि आरक्षण का लाभ सही तरीके से सभी वर्गों की महिलाओं तक पहुंचे। “यह प्रक्रिया पारदर्शिता और न्याय सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है, न कि किसी तरह का टालमटोल। साहू ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि “जो पार्टी दशकों तक महिला आरक्षण को लंबित रखती रही, वह आज भाजपा पर आरोप लगा रही है। कांग्रेस की राजनीति केवल बयानबाजी और भ्रम फैलाने तक सीमित है, जबकि भाजपा जमीन पर काम कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है—चाहे वह उज्ज्वला योजना हो, स्व-सहायता समूहों को बढ़ावा देना हो या महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए सख्त कानून बनाना हो।छत्तीसगढ़ सरकार का बचाव करते हुए साहू ने कहा कि राज्य में महिलाओं के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं और उन्हें आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का निरंतर प्रयास जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *