दुर्ग पुलिस की क्राइम मीटिंग में सख्त निर्देश: लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और अपराध नियंत्रण पर जोर


दुर्ग। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल के निर्देशन में शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम भिलाई में जिले के अपराध नियंत्रण एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा हेतु क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारियों ने भाग लिया।
बैठक में अपराधों की स्थिति, विवेचना की गुणवत्ता, प्रशासनिक अनुशासन एवं लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण पर विस्तृत चर्चा की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने गंभीर अपराधों में तत्काल FIR दर्ज कर त्वरित विवेचना प्रारंभ करने तथा समय पर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के निर्देश दिए।


उन्होंने विशेष रूप से वर्ष 2024 से पूर्व के लंबित अपराध, चालान, मर्ग एवं शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही जप्त संपत्तियों के शीघ्र निराकरण, समंस एवं वारंट की शत-प्रतिशत तामिली और प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया।
बैठक में नशे, जुआ-सट्टा एवं स्थायी वारंटियों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। साइबर फ्रॉड एवं वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर शीघ्र निराकरण करने को कहा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आगामी ईद एवं नवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने, शांति समिति का पुनर्गठन करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही बीट एवं सब-बीट प्रणाली को प्रभावी बनाकर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन थाना में उपस्थित रहकर आम जनता की शिकायतों को सुनें और उनका त्वरित निराकरण करें। थाना स्तर पर गोपनीयता बनाए रखते हुए संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चन्द्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आईसीयूडब्ल्यू ममता देवांगन, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई सत्यप्रकाश तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी धमधा डॉ. चित्रा वर्मा, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पाटन अनुप लकड़ा, डीएसपी हेडक्वार्टर श्रीमती तनुप्रिया ठाकुर, डीएसपी लाइन सीपी तिवारी सहित सभी थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *