भाजपा नेता की अवैध अफीम खेती पर कांग्रेस का तीखा हमला, सरकार की चुप्पी पर उठे सवाल – लोचन यादव


दुर्ग। दुर्ग जिले के ग्राम समौदा में भाजपा नेता विनायक ताम्रकर द्वारा की जा रही अवैध खेती के मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के सचिव लोचन यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और भाजपा सरकार के संरक्षण में अवैध गतिविधियां खुलेआम फल-फूल रही हैं।
लोचन यादव ने बयान जारी करते हुए कहा कि भाजपा के नेता ही यदि अवैध खेती और गैरकानूनी कार्यों में लिप्त पाए जाएंगे तो प्रदेश की कानून व्यवस्था का क्या हाल होगा, यह आसानी से समझा जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्ग जिले के समोदा गांव में लगभग 2 वर्षो से अवैध अफीम खेती का कारोबार चल रहा था, लेकिन प्रशासन और पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे साफ जाहिर होता है कि इस पूरे मामले में कहीं न कहीं राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही इस मामले को गंभीरता से उठा रही है और लगातार प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग कर रही है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के दबाव के बाद ही प्रशासन हरकत में आया और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हुई।
लोचन यादव ने जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष श्री राकेश ठाकुर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने इस पूरे मामले को बड़ी गंभीरता और प्रमुखता के साथ उठाया तथा इसे जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूती से पहुंचाने का कार्य किया, जिसके कारण प्रशासन को कार्रवाई के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि राकेश ठाकुर के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी लगातार जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठा रही है।
उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल करते हुए कहा कि आखिर भाजपा नेता को इतना संरक्षण किसके इशारे पर मिल रहा था? यदि प्रदेश की सरकार ईमानदारी से काम कर रही है तो इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, चाहे वह कितना ही बड़ा नेता क्यों न हो।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में अवैध कारोबार, माफियागिरी और कानून की अनदेखी लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे आम जनता में भय और असंतोष का माहौल बन रहा है। कांग्रेस पार्टी इस मामले को लेकर चुप नहीं बैठेगी और यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *