रानीतराई पुलिस ने 12 घंटे में सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी, आरोपी गिरफ्तार

  • खेत में पानी को लेकर पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह


पाटन। थाना रानीतरई क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी 12 घंटे से भी कम समय में सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना ग्राम केसरा की है, जहां खेत में पानी डालने की बात को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 फरवरी को ग्राम केसरा स्थित खेत में एक व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरू की। मृतक की पहचान अमर सिंह साहू के रूप में हुई, जिनके सिर और गर्दन पर गंभीर चोट के निशान पाए गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि खेत में पानी डालने को लेकर मृतक और आरोपी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने प्राणघातक हमला किया।
मामले में अपराध क्रमांक 21/2026 धारा 103 BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। साक्ष्य संकलन, घटनास्थल निरीक्षण और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने संदेही मोहन लाल सिन्हा (48 वर्ष), निवासी ग्राम केसरा को हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से एक धारदार हथियार भी जप्त किया गया है।
पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका
इस कार्रवाई में एसआईयू टीम प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद हरिश, थाना प्रभारी निरीक्षक कमल सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश राठौर, सहायक उपनिरीक्षक श्याम सिंह, प्रधान आरक्षक तिलक साहू, आरक्षक नरेन्द्र वर्मा सहित अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवादों का समाधान कानूनी माध्यम से करें और कानून को अपने हाथ में न लें। किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *