भारत–दक्षिण अफ्रीका मैच पर ऑनलाइन सट्टा, दो आरोपी गिरफ्तार


दुर्ग। भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले दो आरोपियों को दुर्ग पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सिटी कोतवाली थाना दुर्ग एवं एसीसीयू टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई। पुलिस ने मौके से लैपटॉप, एलईडी टीवी, चार मोबाइल फोन, डीवीआर सहित कुल लगभग 2 लाख 70 हजार 500 रुपये मूल्य की सामग्री जप्त की है।
पुलिस के अनुसार 22 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि असरफ नगर, तकियापारा, दुर्ग स्थित एक मकान में क्रिकेट मैच के दौरान हार-जीत पर रुपये का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
मकान के अंदर एलईडी टीवी पर लाइव मैच चल रहा था और मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खिलाया जा रहा था। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने मौके से सोहेल अहमद खान उर्फ मामू (35 वर्ष), निवासी असरफ नगर तकियापारा दुर्ग तथा संतोष कुमार गोंड़ (38 वर्ष), निवासी रूआबांधा कुदरापारा वार्ड नंबर 4, भिलाई को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने संगठित रूप से सट्टा संचालन करना स्वीकार किया।
फरार आरोपी
शाहिल उर्फ सोनू (31 वर्ष), निवासी असरफ नगर तकियापारा दुर्ग, घटना के दौरान फरार हो गया।
जप्त सामग्री
पुलिस ने एक लैपटॉप, एक एलईडी टीवी, चार मोबाइल फोन, एक डीवीआर, चार मोबाइल चार्जर, जियो सेटअप बॉक्स, वाई-फाई राउटर, 5 हजार रुपये नगद, एक रजिस्टर एवं डॉट पेन जप्त किया है।
वैधानिक कार्रवाई
आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4, 6, 7 एवं बीएनएस की धारा 112(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों से दूर रहें और ऐसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *