एनपीएस में 1.19 करोड़ की बीमा धोखाधड़ी का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

  • जीवित व्यक्तियों को मृत बताकर फर्जी मृत्यु दावा कर निकाली गई राशि


पाटन। थाना पाटन, जिला दुर्ग पुलिस ने राष्ट्रीय पेंशन योजना (NPS) से संबंधित लगभग 1 करोड़ 19 लाख रुपये की बीमा धोखाधड़ी का खुलासा किया है। मामले में एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 16 फरवरी 2026 को एचडीएफसी लाईफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, बोकारो (झारखंड) के प्रबंधक द्वारा लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि एनपीएस खातों में फर्जी मृत्यु दावा प्रस्तुत कर बड़ी राशि का अनधिकृत भुगतान किया गया है।
जांच में हुआ बड़ा खुलासा
जांच के दौरान पाया गया कि आरोपियों ने आपराधिक साजिश के तहत जीवित व्यक्तियों को मृत दर्शाते हुए जाली मृत्यु प्रमाण पत्र, फर्जी आधार कार्ड एवं अन्य केवाईसी दस्तावेज तैयार कर बीमा दावा प्रस्तुत किया। एक प्रकरण में सेवानिवृत्त कर्मचारी के नाम से मृत्यु दावा किया गया, जबकि संबंधित व्यक्ति जीवित पाए गए।
मुख्य आरोपी राजेश कनोजिया (44 वर्ष), निवासी पंचशील सेक्टर-01, बोरसी, दुर्ग, दुर्ग क्षेत्र में एक ऑनलाइन सेवा केंद्र संचालित करता है। वह एनपीएस निकासी के नाम पर लोगों से आधार, पैन एवं बैंक संबंधी जानकारी प्राप्त कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर दावा प्रस्तुत करता था।
जांच में यह भी सामने आया कि मृत्यु दावों में समान पते, अमान्य क्यूआर कोड युक्त प्रमाण पत्र एवं संदिग्ध बैंक खातों के माध्यम से लेन-देन जैसी अनियमितताएं पाई गईं।
मामले में एचडीएफसी लाईफ के पूर्व कर्मचारी राजेश कुमार ठाकुर की भी भूमिका सामने आई है, जिसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए जाली दस्तावेज अपलोड कर सत्यापन प्रक्रिया को दरकिनार किया।
अपराध विवरण
अपराध क्रमांक: 74/2026
धारा: 316, 318, 336(2), 337, 338, 339, 340(2), 61(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता
घटना स्थल: थाना पाटन क्षेत्र एवं संबंधित एनपीएस खातों के माध्यम से ऑनलाइन
जप्त सामग्री:-
₹10,000 नगद राशि
फर्जी दस्तावेजों से संबंधित डिजिटल साक्ष्य
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना पाटन के थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा, उप निरीक्षक स्तर के अधिकारी एवं थाना स्टाफ की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को चिन्हित कर विधिवत गिरफ्तार किया गया।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि बीमा अथवा पेंशन योजना से संबंधित जानकारी साझा करते समय पूरी सावधानी बरतें। किसी भी संदेहास्पद गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। वित्तीय धोखाधड़ी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *