T20 विश्व कप: भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर सुपर 8 में बनाई जगह

कोलंबो। टी-20 वर्ल्ड कप में भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त देकर इतिहास रच दिया। टूर्नामेंट के इतिहास में पाकिस्तान पर रनों के लिहाज से यह भारत की सबसे बड़ी जीत है। इस शानदार जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सुपर-8 राउंड के लिए क्वालिफाई कर लिया है और ग्रुप में लगातार तीन जीत के साथ शीर्ष स्थान पर बनी हुई है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए। युवा बल्लेबाज ईशान किशन ने 40 गेंदों में 77 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने सर्वाधिक 44 रन बनाए।
भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पंड्या ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
भारतीय टीम की इस दमदार जीत से देशभर में जश्न का माहौल है और क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *