मानस गान कलाकार हमारी संस्कृति के सच्चे संवाहक, गांव-गांव रामकथा पहुंचाने वाले कलाकारों को नमन — कीर्ति नायक



पाटन। विकासखंड अंतर्गत ग्राम मटंग में आयोजित दो दिवसीय मानस गान सम्मेलन में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही मानस गान कलाकारों, आयोजकों एवं ग्रामवासियों द्वारा उनका आत्मीय एवं पारंपरिक स्वागत किया गया।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि मानस गान सम्मेलन हमारी संस्कृति, आस्था और समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम है। रामचरितमानस केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला सांस्कृतिक और नैतिक आधार है।
उन्होंने कहा कि मानस गान कलाकार हमारी संस्कृति के सच्चे संवाहक हैं, जिनके स्वर में हमारी परंपराएं जीवित हैं और जिनके माध्यम से रामकथा गांव-गांव तक पहुंच रही है। ऐसे कलाकार सम्मान के पात्र हैं और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है कि उनका संरक्षण एवं प्रोत्साहन किया जाए।
श्रीमती कीर्ति नायक ने विशेष रूप से महिला मानस मंडलों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि महिला कलाकारों की सहभागिता से मानस गान परंपरा को नई ऊर्जा, संवेदनशीलता और निरंतरता मिली है, जो हमारी सांस्कृतिक विरासत को और अधिक सशक्त बनाती है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विभिन्न मानस मंडलों के कलाकार, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान अलग-अलग मानस मंडलों द्वारा भावपूर्ण रामकथा गायन प्रस्तुत किया गया, जिसे श्रोताओं ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ सराहा।
अंत में श्रीमती कीर्ति नायक ने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी विरासत को सहेजने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों तक संस्कार पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत दुर्ग की अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे उपस्थित रहीं।
अति विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती नीलम राजेश चंद्राकर, जनपद सदस्य दुलौरिन यादव, जिला मानस संघ दुर्ग के अध्यक्ष मेहत्तर वर्मा,सरपंच अमित हिरवानी, लालेश्वर साहू, , मनोज साहू, भागवत वर्मा, पोसूराम निर्मलकर, खिलेश यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, क्षेत्रवासी, महिला-पुरुष उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *