छत्तीसगढ़ और CSPDCL की 25 वर्ष की यात्रा सेवा, समर्पण और विकास की मिसाल — कीर्ति नायक



पाटन।छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष तथा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित रजत जयंती समारोह में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने CSPDCL के अधिकारी-कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उनके सेवा भाव, समर्पण और योगदान की मुक्त कंठ से सराहना की।
अपने भावनात्मक एवं प्रेरणादायी संबोधन में श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि CSPDCL केवल एक संस्था नहीं, बल्कि उन कर्मयोगियों का परिवार है, जो हर परिस्थिति में छत्तीसगढ़ को रोशन रखने का दायित्व निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जब पूरा समाज विश्राम करता है, तब CSPDCL के कर्मचारी आँधी, बारिश और अंधेरी रातों में भी जनता की सेवा में तत्पर रहते हैं—यही उनकी सबसे बड़ी पहचान और शक्ति है।
श्रीमती नायक ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास की रगों में जो ऊर्जा प्रवाहित हो रही है, उसमें CSPDCL के प्रत्येक कर्मचारी का परिश्रम, त्याग और निष्ठा समाहित है। उन्होंने कर्मचारियों के परिवारों के धैर्य, सहयोग और त्याग को भी नमन करते हुए कहा कि यह सेवा केवल कर्मचारियों की नहीं, बल्कि उनके परिवारों की भी सामूहिक तपस्या है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में हरित ऊर्जा, तकनीकी नवाचार और उपभोक्ता संतुष्टि के क्षेत्र में CSPDCL नई उपलब्धियाँ स्थापित करेगा तथा छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में ले जाएगा।
अंत में श्रीमती कीर्ति नायक ने छत्तीसगढ़ राज्य एवं CSPDCL के 25 स्वर्णिम वर्षों की शुभकामनाएं देते हुए कहा—
“हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि रोशनी का यह विश्वास कभी बुझने न पाए और छत्तीसगढ़ का हर घर उजाले से भरा रहे।”
इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती कीर्ति नायक, अध्यक्ष जनपद पंचायत पाटन रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती नीलम राजेश चंद्राकर, सभापति जिला पंचायत दुर्ग ने की।
अति विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री कमलेश वर्मा, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत पाटन एवं श्रीमती कुसुमलता राकेश आडील उपस्थित रहीं।
विशेष अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश चंद्राकर एवं श्री राजा पाठक शामिल हुए।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से श्री बी.पी. दीपक, कार्यपालन अभियंता CSPDCL, सहायक अभियंता श्री कमलेश साहू, श्री अग्रसेन डहरिया, श्री धर्मेंद्र देवांगन, कनिष्ठ अभियंता श्री राजेश साहू, श्री लोचन ध्रुव, सुश्री स्वाति गौतम सहित पाटन क्षेत्र के गणमान्य नागरिकगण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *