पाटन अंचल में सामाजिक समरसता और जनसंपर्क का सशक्त संदेश —जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों में रहीं सक्रिय

  • गीता जयंती, सामाजिक अधिवेशन, बजट श्रवण और समाज भवन लोकार्पण में की सहभागिता

पाटन।जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने कल पाटन अंचल के विभिन्न ग्रामों में आयोजित सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करते हुए जनसंपर्क किया और समाज को सकारात्मक दिशा देने का संदेश दिया।अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने ग्राम बेलौदी से की, जहाँ आयोजित गीता जयंती समारोह एवं कोसरिया यादव समाज के युवक-युवती परिचय सम्मेलन में वे मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गीता का संदेश कर्म, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने समाज को संगठित होकर शिक्षा, संस्कार और विकास के पथ पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।इसके पश्चात श्रीमती नायक छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी समाज, दुर्ग राज के ग्राम मोरिंद में आयोजित अधिवेशन में सम्मिलित हुईं। यहाँ उन्होंने समाजजनों से आत्मीय भेंट कर उनकी कुशलक्षेम जानी तथा समाज की एकता, आपसी सहयोग और संगठनात्मक मजबूती पर विशेष बल दिया।भारतीय जनता पार्टी जिला दुर्ग के निर्देशन में प्रभारी के रूप में उन्होंने दरबार मोखली मंडल अंतर्गत ग्राम फ़ेकारी में कार्यकर्ता साथियों के साथ केंद्रीय बजट सत्र का सामूहिक श्रवण किया।

इस अवसर पर उन्होंने बजट को जनकल्याणकारी बताते हुए कहा कि यह बजट ग्रामीण विकास, महिलाओं, युवाओं और किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।इसी क्रम में श्रीमती कीर्ति नायक भिलाई-3 चरोदा परीक्षेत्रीय स्तरीय महाराज श्री गुहा निषाद राज जयंती, नव-निर्मित सामाजिक सामुदायिक भवन के लोकार्पण एवं मड़ई-मिलन कार्यक्रम (ग्राम बटंग) में भी शामिल हुईं। उन्होंने महाराज श्री गुहा निषाद राज जी के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन साहस, त्याग और सामाजिक समरसता का प्रतीक है, जिससे आज की पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए।इसके साथ ही वे ग्राम बटंग में आयोजित कोसरिया पटेल समाज के नवनिर्मित समाज भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में भी उपस्थित रहीं और समाजजनों को बधाई देते हुए इसे सामाजिक गतिविधियों का सशक्त केंद्र बताया।सभी कार्यक्रमों में अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने अपने सारगर्भित एवं प्रेरक उद्बोधनों के माध्यम से सामाजिक एकता, सांस्कृतिक मूल्यों और विकास की भावना को सुदृढ़ किया तथा क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *