दो दिन का अल्टीमेटम खत्म, सरपंच-पंचों के साथ ग्रामीणों ने लिया सख्त निर्णय
पाटन। ग्राम पंचायत पतोरा में पदस्थ सचिव के स्थानांतरण की मांग को लेकर दिए गए दो दिन के अल्टीमेटम के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। सरपंच, पंच एवं ग्रामीणों ने पूर्व में जिला पंचायत पहुंचकर सीईओ को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी थी कि तय समय सीमा में सचिव का स्थानांतरण नहीं हुआ तो पंचायत भवन में तालाबंदी की जाएगी।
निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी स्थानांतरण आदेश जारी नहीं होने पर आज ग्रामीण पंचायत भवन में तालाबंदी करने की तैयारी में हैं। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि सचिव के खिलाफ पूर्व में भी कई बार शिकायतें और स्थानांतरण के आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि सचिव के कार्यप्रणाली से पंचायत की शासकीय गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। कई बार अवगत कराने के बावजूद अनदेखी किए जाने से अब मजबूरन तालाबंदी जैसा कदम उठाना पड़ रहा है। सरपंच व पंचों ने कहा कि जब तक स्थानांतरण नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा।
