आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका समाज निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण – कीर्ति नायक


पाटन। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के क्षमता निर्माण कार्यक्रम में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं, यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जामगांव एम के ग्राम तर्रा में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता केवल एक कर्मचारी नहीं, बल्कि समाज की नींव मजबूत करने वाली प्रथम शिक्षिका होती हैं।
श्रीमती नायक ने कहा कि गर्भवती माताओं, धात्री महिलाओं एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नवीन प्रशिक्षण, सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं तकनीकी दक्षता को अपनाकर सेवाओं को और प्रभावी बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सेतु का कार्य करती हैं। जनपद पंचायत स्तर पर उनके सम्मान, सुविधा एवं क्षमता संवर्धन के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण विषयों पर चर्चा की गई तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने अनुभव साझा किए। अंत में श्रीमती कीर्ति नायक ने सभी कार्यकर्ताओं को निष्ठा, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *