पाटन। पाटन। विकासखंड पाटन के ग्राम ढौर में असामाजिक तत्वों द्वारा धार्मिक आस्था पर हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। ग्राम के बड़े तालाब परिसर में स्थित शिव मंदिर से अज्ञात चोरों ने शिवलिंग एवं नंदी प्रतिमा चोरी कर ली। यह मंदिर साहू परिवार द्वारा लगभग 60 वर्ष पूर्व निर्मित कराया गया था, जो ग्रामीणों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर को निशाना बनाते हुए शिवलिंग और नंदी प्रतिमा को अपने साथ ले गए। सुबह जब श्रद्धालु नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो प्रतिमाएं गायब देखकर स्तब्ध रह गए। तत्पश्चात तत्काल इसकी सूचना ग्रामवासियों को दी गई।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए। पूरे गांव में आक्रोश और चिंता का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इसे केवल चोरी की घटना नहीं, बल्कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला गंभीर कृत्य बताया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की शीघ्र पहचान एवं गिरफ्तारी की जाए, साथ ही मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
