पाटन। शासकीय चंदूलाल चंद्राकार कला एवं विज्ञान महाविद्यालय पाटन में दिनांक 23 जनवरी 2026 को वसंत पंचमी के पावन अवसर पर श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सरस्वती पूजा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त करते हुए वंदे मातरम के सामूहिक गायन का कार्यक्रम भी संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन संस्था की प्राचार्य डॉ. नंदा गुरवारा के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में योगेश निक्की भाले, अध्यक्ष नगर पंचायत पाटन तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती निशा सोनी उपस्थित रहीं। साथ ही केवल देवांगन, श्रीमती नेहा वर्मा, श्रीमती अन्नपूर्णा पटेल एवं बाबा वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के विधिवत पूजन-अर्चन से हुई। इस अवसर पर कुमारी वर्षा द्वारा मधुर सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। पूजा उपरांत सभी उपस्थितजनों को प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम के द्वितीय चरण में वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया गया, जिसमें महाविद्यालय परिसर देशभक्ति के स्वर से गूंज उठा। इस अवसर पर जितेंद्र कुमार मंडावी ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया।
मुख्य अतिथि योगेश निक्की भाले एवं विशिष्ट अतिथि निशा सोनी ने वसंत पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. नंदा गुरवारा ने वसंत पंचमी एवं वंदे मातरम के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
