रिसाली। नगर निगम रिसाली क्षेत्र के ग्राम डुंडेरा स्थित शासकीय राशन दुकान में इस माह का एपीएल कोटे का चावल अब तक नहीं पहुंचा है। दीपावली जैसे प्रमुख त्यौहार के पहले चावल वितरण में देरी से हितग्राहियों में आक्रोश देखा जा रहा है।
नगर निगम रिसाली के पूर्व एल्डरमैन मान. श्री तरुण बंजारे ने इस संबंध में खाद्य विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आधा महीना बीत जाने के बावजूद भी डुंडेरा के राशन दुकान में एपीएल चावल की आपूर्ति नहीं हुई है।
श्री बंजारे ने कहा कि —
गांव के हितग्राही कई दिनों से राशन दुकान का चक्कर लगा रहे हैं, परंतु उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। दीपावली का त्यौहार सिर पर है, ऐसे में यह लापरवाही अत्यंत गंभीर है।
उन्होंने आगे कहा कि खाद्य अधिकारी को तुरंत कार्रवाई करने और जल्द से जल्द चावल वितरण सुनिश्चित करने की मांग की गई है, ताकि ग्रामीणों को त्योहार के अवसर पर असुविधा का सामना न करना पड़े। इस संबंध में खाद्य अधिकारी को फोन पर संपर्क करने की कोशिश भी की गई, किंतु फोन रिसीव नहीं हुआ।
