पाटन। ग्राम रुही में आए दिन विवाद खड़ा करने वाले एक युवक की दबंगई का मामला सामने आया है। ग्राम निवासी देवकुमार सिंगौर ने थाना पाटन में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि गांव का ही सतीष सिंगौर पिता द्वारिका सिंगौर उसके घर और दुकान के सामने लगातार उत्पात मचाता है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, बीती रात करीब रात 9 बजे सतीष सिंगौर उसकी दुकान के सामने गाड़ी खड़ी कर जोर-जोर से हॉर्न बजाने और गाड़ी का एक्सलेरेटर तेज चलाकर माहौल बिगाड़ने लगा। इतना ही नहीं, उसने लाल आंख दिखाकर भय पैदा किया और कमर में रखे चाकू से डराने-धमकाने का प्रयास भी किया।
देवकुमार का आरोप है कि यह हरकत आरोपी पिछले कई दिनों से बार-बार कर रहा है। इससे पहले भी वह गांव में गंभीर घटनाओं को अंजाम दे चुका है। कुछ समय पूर्व गांव के ही कई लोगों के फोटो एडिट कर गलत तरीके से जगह-जगह चिपकाए गए थे, जिससे समाज में मानहानि हुई थी।
घटना को गांव के कई लोगों ने प्रत्यक्ष देखा है। शिकायत के आधार पर थाना पाटन पुलिस ने जांच की और आरोपी सतीष सिंगौर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
