–विक्रम शाह ठाकुर
कुम्हारी । नगर में स्थित प्राचीन मां महामाया मंदिर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर माता रानी का दरबार मनोकामता ज्योति से जगमगा उठा है प्रतिदिन भक्त प्रातःकाल से ही माता के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर धरती फोड़ विराजमान हुई मां महामाया माता के दर्शन कर रहे है और अपनी मनोकामना पूर्ण करने आशीर्वाद मांग रहे है आस्था के प्रतीक मां महामाया माता के दरबार मे शारदीय नवरात्र के प्रत्येक दिनों में मंदिर प्रांगण में जसगीत, माता की विशेष आरती, प्रसाद वितरण सहित विविध कार्यक्रम संचालित हो रहे है वहीं भक्तों द्वारा 25 सौ मनोकामना के ज्योति प्रज्वलित किये गए हैं, शीतला मंदिर में 141 ज्योत प्रज्वलित किया गया है। धरती फोड़ विराजमान हुई मां महामाया माता के प्रति स्थानीय ही नही बल्कि देश के अनेक राज्यों एवं विदेशों में निवासरत श्रद्धालुओं की भी गहरी आस्था है, जिसके कारण ही प्रत्येक चैत्र व शारदीय नवरात्र के अवसर पर ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, जैसे देशों के प्रवासी भी मनोकामना के ज्योत प्रज्वलित करवाते है। वर्तमान में मां महामाया मंदिर ट्रस्ट समिति के सदस्यों द्वारा मंदिर का संचालन किया जा रहा है। ट्रस्ट समिति के अनुसार इस शारदीय नवरात्र में 27 सितंबर शनिवार को माता का विशेष श्रृंगार होगा 30 सितंबर मंगलवार को महाष्टमी हवन एवं भोग वितरण किया जाएगा वहीं 1 अक्टूबर बुधवार को नवमीं तिथि पर जंवारा विसर्जन एवं 2 अक्टूबर गुरुवार को विजय दसमीं दशहरा का आयोजन रखा गया है। माँ महामाया देवी मंदिर ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष नारायण वर्मा ने बताया कि मां महामाया माता की कृपा सभी भक्तों पर अटूट है लोग कष्ट क्लेश दूर करने माता रानी से मन्नत मांगते है और माता रानी हर भक्तों की मन की बात सुनती है हमारा प्रयास है कि ट्रस्ट समिति द्वारा मंदिर का संचालन बेहतर से बेहतर किया जा सके वहीं श्रद्धालुओं को हर एक सुविधा उपलब्ध हो। ट्रस्ट समिति के कोषाध्यक्ष नेतराम यादव ने बताया कि माता रानी के दरबार में दूर-दूर से भक्त दर्शन के लिए आते है प्रति नवरात्र के अवसर पर भक्तों द्वारा मनोकामना के ज्योति प्रज्वलित करवाते है। समिति द्वारा माता रानी की विशेष पूजा एवं प्रज्वलित ज्योति की देख रेख में विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
