- ऑपरेशन सुरक्षा : यातायात अनुशासन ही जीवन रक्षा का आधार
दुर्ग। जिलेभर में ऑपरेशन सुरक्षा के तहत 19 सितंबर को यातायात पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत 55 वाहन चालकों पर बिना हेलमेट, 25 पर ट्रिपल सीटर, 10 पर बिना लाइसेंस, 25 पर नो पार्किंग, 15 पर रैश ड्राइविंग, 10 पर मॉडिफाइड साइलेंसर तथा अन्य मामलों सहित कुल 400 चालान काटे गए। पुलिस ने इस दौरान लगभग 1.20 लाख रुपये का समन शुल्क वसूल किया।

यातायात पुलिस ने बताया कि नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्यवाही भी की जा रही है। वर्ष 2025 में अब तक मई में 104, जून में 98, जुलाई में 53 और अगस्त में 30 लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं।
इसके अलावा सेंट्रल एवेन्यू रोड (सेक्टर-9 चौक से मुरगा चौक, सेक्टर-1 चौक तक) को ग्रे ज़ोन घोषित किया गया है। यहां हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया है और कठोर चेकिंग की जा रही है। इसका सकारात्मक असर भी दिखाई दे रहा है, जहां नागरिकों में हेलमेट उपयोग को लेकर जागरूकता बढ़ी है।
यातायात पुलिस की अपील
वाहन चलाते समय सदैव हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें।
नशे की हालत में वाहन संचालन से बचें।
तेज गति और लापरवाह ड्राइविंग से परहेज़ करें।
सड़क पर अनुशासन का पालन कर अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
यातायात पुलिस का कहना है कि नागरिकों की सजगता और अनुशासन ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था की कुंजी है।
